औरंगाबाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
औरंगाबाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 25 जुलाई 2010

एक ऐसा गाँव जहां किसी घर में दरवाजे नहीं--यात्रा-3

प्रारंभ से पढें
चिखली हमारी यात्रा का तकलीफ़देह पड़ाव इसलिए बना कि यहीं से हमारी गोवा जाने की योजना खटाई में पड़ती दिख रही थी। चिखली में गाड़ी की पैट्रोल टंकी फ़ुल कराई और वहीं से गाड़ी नीरज चलाने लगा था। अगर पहले रास्ते पर लगातार चलते रहे तो अभी तक चांदवड़ या नासिक तक पहुंच जाते। लेकिन मोबाईल फ़ोने ने समस्या खड़ी कर दी। यह न होता तो हम सालिगराम जी फ़ोन कैसे लगाते और समस्या में कैसे फ़ंसते? बस फ़ंसना ही था। चिखली से औरंगाबाद तक का रोड़ खराब है इस पर चौड़ीकरण के लिए काम चल रहा है। धीरे-धीरे चलते हुए लगभब 4 बजे औरंगाबाद बायपास तक पहुंचे। नीरज ने अब फ़िर शहर में गाड़ी मुझे थमा दी। वहां से हमने पुछताछ कर पूना वाला रोड़ पकड़ लिया। 


बीबी का मकबरा-औरंगाबाद
यहां पहुंचने पर प्रसिद्ध ताजमहल का प्रतिरुप बीबी का मकबरा दूर से ही दिखता है। औरंगाबाद में बहुत सारे उद्योग हैं। बड़ी बड़ी कम्पनियों ने यहां अपने कारखाने खोल रखे हैं। यहां हवाई अड्डा भी है, जहां यात्री विमान सेवा के विमान लगातार आते जाते रहते हैं। औरगाबाद से बाहर 30 किलो मीटर तक बहुत ही ज्यादा ट्रैफ़िक था। विक्की पिछली सीट पर मजे से आराम ही करता रहा यहां तक के सफ़र में। नीरज ने बताया था कि यह गाड़ी बहुत रफ़ चलाता है। इसलिए उसे अभी तक हमने कार चलाने नहीं दी थी। 30किलोमीटर के बाद हाईवे पर कुछ ट्रैफ़िक कम हुआ। इस हाईवे पर गाड़ियाँ बहुत तेज चलती हैं। 100-120 की स्पीड से कम तो कोई चलता ही नहीं है और हाईवे भी बहुत शानदार है। हमने भी पूरा पंजा दबा रखा था। बीच में कहीं पानी बरसने लगा। तब थोड़ी स्पीड कम की। लगातार चलते रहे। हाईवे पर 76किलोमीटर पर शनि मंदिर का गांव सिंघनापुर है। यहां लगभग पूरे भारत से शनि भक्त आते हैं। हाईवे पर 76किलोमीटर पर  घोड़ा सार गांव  आता है और फ़िर वहीं से सीधे हाथ की तरफ़ एक बड़ा प्रवेशद्वार बना है। जहां से सिंघनापुर 2-3किलोमीटर होगा।


शनिदेव सिंगणापुर
प्रवेशद्वार के पास ही हमें कुछ मोटर सायकिल सवार मिले। उन्होने हमसे मंदिर जाने के विषय में पूछा और हमारे आगे आगे पायलेटिंग करने लगे। मेरी समझ में नहीं आया कि ये इतना स्वागत क्यों कर रहे हैं। रास्ते पर गाँव वालों ने एक नाका बना रखा रखा है। वहां पर 6 रु प्रतिवाहन प्रवेश कर लिया जाता है ग्राम पंचायत के द्वारा। मैने महाराष्ट्र में देखा कि हर 25-30किलोमीटर के बाद एक टोल नाका है। जहां कार से 25 रुपया टोल लिया जाता है, अभी तक हम हजारों रुपए टोल के दे चुके थे। ऐसा हमारे 36 गढ में नहीं है। सिर्फ़ एक टोल भिलाई 4 लाईन का है वहां भी 17रुपए एक तरफ़ के लिए जाते हैं। हम मंदिर पहुंचे तो पता चला कि वे मोटर सायकिल वाले पूजा सामग्री दुकान वाले एजेंट हैं। प्रवेशद्वार से ही ग्राहक पकड़ कर लाते हैं और दुकानदार से अपना कमीशन वसुलते हैं। 

शनिदेव सिंगणापुर
हमें एक एक केसरिया कटिवस्त्र दिया गया। हमने गाड़ी में कपड़े उतार कर रखे। वहां बहुत सारे नल लगे हैं जिसमें कपड़ों सहित भीगना पड़ता है। हम एसी से सीधे निकलते ही भीग लिए जिससे ठंड लगने लगी। दुकानदार ने पूजा सामग्री का मुल्य 151 रु से 351 रुपए तक बताया। जबकि उस पूजा सामग्री में तेल नहीं था, वह अलग से लेना पड़ा। हमने एक लीटर तेल लिया 120 रुपए का। शनि सिंघनापुर में सिर्फ़ तेल ही चढता है। बाकी सामग्री प्रवेश द्वार पर ही चढा दी जाती है। दर्शनार्थियों की लाईन कोई ज्यादा बड़ी नहीं थी। हम शाम की आरती के समय पहुंच गए थे। 

शनिदेव सिंगणापुर
यहां शनि देवता के विग्रह के रुप में एक अनगढ चौरस पत्थर है। जिस पर ही सभी तेल चढाते हैं। अगरबत्ती इत्यादि पास ही धुने में लगा दी जाती है। शनि की पूजा के लिए महिलाओं का प्रवेश वर्जित है। वे कटघरे के बाहर से ही दर्शन करती हैं। पुरुष और बच्चे ही तेल चढाते हैं और वहाँ पूजा करते हैं। जो बहुत ज्यादा तेल चढाता है। पीपा दो पीपा उसे वहां के पड़े अलग ले जाकर पूजा करवाते हैं। पाव आधा पाव वाले को सीधा ही रास्ता दिखा देते हैं। आधे घंटे में हम वहां से दर्शन करके निकल चुके थे। वापस आकर दुकानदार का हिसाब किया। यहां चोरी नहीं होती किसी के घर में भी दरवाजे नहीं है। इस गांव की आमदनी का एक बड़ा साधन दर्शनार्थियों के आगमन से ही है। इस तरह तीन दिनों के बाद हम किसी एक जगह पहुंचे। नहीं तो दिन रात सिर्फ़ सड़क ही नाप रहे थे।


नीरज और विक्की
शनि सिंघनापुर से दर्शन करके निकलते वक्त घर से फ़ोन आया कि अब 5 दिन हो गए हैं निकले हुए,वापस चले आओ। मैने और नीरज ने सहमति बनाई और वापस औरंगाबाद की ओर शाम 7बजे लगभग निकल पड़े। विक्की ने ड्रायविंग संभाल ली और मै पिछली सीट पर सो गया। दिन रात गाड़ी चलाने के कारण थकान हो चुकी थी। लेटते ही नींद आ गयी। जब मेरी आंख खुली तो देखा की कार एक ढाबे पर दो ट्रालों के बीच में खड़ी हुयी है। नीरज और विक्की ढाबे मे सोए हुए हैं। घड़ी देखने पर पता चला कि साढे तीन बज रहे हैं। मैने उठकर ढाबे में मुंह धोया और चाय पीकर ड्रायविंग सीट संभाल ली। कारंजा वहां से 25किलो मीटर था। मतलब हम औरंगाबाद से निकल कर बहुत दूर आ गए थे। कब औरगाबाद पार हुए मुझे तो पता ही नहीं चला। वापस होते समय मन में था कि शेगांव गजानंन महाराज के भी हो आएं। लेकिन यह रास्ता अकोला नहीं जा रहा था। रास्ता वर्धा की ओर जा रहा था। अकोला जाने के लिए फ़िर 125किलोमीटर जाना पड़ता। 

कारंजा टोल पर मैने रास्ता पूछा तो उन्होने यही बताया। लेकिन वापस जाने की बजाए आगे जाना ही ठीक समझा। वर्धा वाली सड़क पर वाहन कम चल रहे थे। नीरज और विक्की सोए हुए थे अकेले गाड़ी चलाते वक्त भ्रम होता था कि गाड़ी हवा में तैर रही है। आसमान में निकले हुए तारे और क्षितिज पर चमकती हुयी दिन निकलने की समय की रोशनी अजीब ही लग रही थी। जैसे किसी रेगिस्तान में हम जा रहे हैं। जहां कोई आबादी नहीं है, निर्जन बीहड़ स्थान में। कहीं कहीं कोई ट्रक आता हूआ दिख जाता था आधे घंटे में। मैं सोच रहा था कि कहीं अंधेरे में कोई गलत रास्ता तो नहीं पकड़ लिया है। फ़िर मन को सांत्वना देता था कि रास्ता तो है कहीं तो जाकर निकलेगा। गाड़ी में पै्ट्रोल है इसलिए अभी चिंता करने की जरुरत नहीं है। बस इसी उधेड़ बुन में दिन निकल गया। सुबह सुबह सैर के समय वर्धा पहुंच गए। जारी है-आगे पढें।

चित्र गुगल और वेबदुनिया से साभार
Indli - Hindi News, Blogs, Links

शुक्रवार, 23 जुलाई 2010

हमारे यात्रा का तकलीफ़ देह पड़ाव चिखली---यात्रा 2

हाईवे
प्रारंभ से पढें.....,अमीर होटल में बैठकर हमने कार्यक्रम बनाया कि गुजरात की तरफ़ निकला जाए। सौराष्ट्र और बाकी गुजरात देखा जाए। गांधी नगर,कांडला चला जाए। फ़िर उधर से सिल्वासा भी जाया जाए। रात को हमने अलबेला खत्री जी को फ़ोन लगाया तो उन्होने फ़ोन अटेंड नहीं किया। कुछ देर बाद उनका फ़ोन आया। उन्होने बताया कि वे इस हफ़्ते सुरत से बाहर हैं, इसलिए अपनी मुलाकात नहीं हो पाएगी। तभी नीरज के घर से फ़ोन आया और उसने इरादा बदल दिया। कहने लगा कि मुंबई होते हुए गोवा चलते हैं। फ़िर खंडाला पूना होते हुए वापस आ जाएंगे। रात को हमने अब पक्का विचार कर लिया कि आज रात तक कैसे भी हो मुंबई पहुंच जाएंगे। नागपुर से मुंबई लगभग 800किलो मीटर है और हम तैयार थे एक दिन में यह सफ़र करने को। रात एक बजे हमने होटल छोड़ दिया और चल पड़े मुंबई की ओर,आगे गोवा रत्नागिरी,गणपतिपूळे जाने के मंसुबे बांधते हुए। मैं पहले भी इस इलाके में कार से आ चुका था। लेकिन लगभग 10साल बीत जाने के बाद सड़कें और मार्ग पूरा याद नहीं था।
बुलढाणा का घाट-अजंता मार्ग
अमरावती पहुंचे तो दिन निकलने वाला था, उजाला हो रहा था। अमरावती बायपास से अकोला की तरफ़ चल पड़े। रास्ता अच्छा है सड़क एकदम चकाचक। गाड़ी 100-120 के बीच मजे से चल रही थी। अकोला एक होटल में चाय पीने के बाद हम लगभग 7/30 बजे खामगांव पहुंच गए। खामगांव पहुंच कर सोचा कि स्नान खामगांव में किया जाए या चिखली में। चिखली मेरे सालिगराम जी की ससुराल है और मैने सोचा कि यह मुंबई नासिक हाईवे पर ही है। मैने फ़ोन लगाकर सालिगराम जी से पूछा कि खामगांव से चिखली कितनी दूर है? तो उसने कहा एक घंटे का रास्ता है। हमने चिखली में रुक कर नहाने धोने का इरादा बना लिया। खामगांव बायपास पर मुझे एक रोड़ दाईं तरफ़ जाता दिखाई दिया। मैने उस रोड़ पर गाड़ी डाल दी नीरज सोया हुया था। गाड़ी मोड़ते ही देखा कि बाकी गाड़ियों की कानबाई तो दुसरे रोड़ पर जा रही है। मैने गाड़ी बैक करके फ़िर वही रोड़ पकड़ लिया।
घाट से पर्वत दर्शन
एक घंटे हो गये लगातार गाड़ी चलाते। नांदुरा निकल चुका था। मलकापुर आने वाला था। मुंबई लगभग 500 किलोमीटर दिखा रहा था मील का पत्थर। लेकिन चिखली कहीं नहीं आया। एक जगह चिखली खुर्द नाम का गांव दिखा लेकिन वह छोटा था। मतलब जिस चिखली में हमे जाना था वह नहीं था। मैने सड़क पर गाड़ी रोकी, नीरज उठा और मैदान की चला गया। तभी मेरे मोबाईल पर सालिगराम जी का फ़ोन आया कि कहां पहुंचे? जब मैने स्थान बताया तो उसने कहा कि आप गलत रास्ता पकड़ लिए। वापस आना पड़ेगा। मैने कहा कि अब चिखली आना स्थगित करते हैं और सीधा ही मुंबई चलते हैं। अब हम लगभग 150 किलोमीटर आ चुके थे। ऐसा कहकर मैने फ़ोन बंद कर दिया। आगे निकल लिए, फ़िर सलहज जी का फ़ोन आया कि आपको आना ही पड़ेगा। ऐसे नहीं जा सकते। मेरे मना करने पर उनकी माता जी ने फ़ोन करके आने का निवेदन किया। मैने मना कर दिया। नीरज भी वापस जाने के लिए तैयार नहीं था।

घाट का एक मोड़-कार चलाते हुए फ़ोटो ली
कुछ देर में गृहमंत्री जी फ़ोन आ गया और कहा कि आपको जाना ही पड़ेगा, वे कब से चिखली में आपका इंतजार कर रहे हैं। मैने उन्हे भी मना कर दिया और फ़ोन बंद कर दिया। फ़िर सोचा की लौटकर तो घर ही जाना है। फ़ालतु बात खड़ी रह जाएगी जीवन भर के लिए। जब उन्हे फ़ोन करके मुसीबत मोल ले ही ली तो झेल भी लिया जाए। यह सोच कर मैने गाड़ी वापस मोड़ दी। नीरज कहने लगा कि 125किलोमीटर जाना है और फ़िर मुंबई कब पहुंचेगे? बुलढाणा से चिखली होते हुए औरंगाबाद से मुंबई हाइवे है। उस पर चले जाएंगे, अब देर ही सही। सुनकर नीरज को तसल्ली हुयी। नांदुरा से कटे फ़टे रोड़ से हम मोताळा हो्ते हुए 12 बजे चिखली पहुंचे। हमने उन्हे लौटने की खबर नहीं दी थी। बस स्टैंड में फ़ोन करके अनुप को बुलाया और फ़िर उनके घर गए। अब देखकर वो भी भौंचक्के हो गए। मना करने के बाद भी वहां पहुंच कर उन्हे चौंका दिया।

चिखली से विदा होकर औरंगाबाद की ओर
चिखली के विषय में एक बात बताता चलुं कि यहाँ पर पानी की बहुत समस्या है। 10-10दिन में पानी आता है। अगर किसी को पानी की कीमत जानना है और उसके किफ़ायती प्रयोग देखने हैं तो यहां अवश्य आए। सभी लोगों ने अपने घरों के नीचे टैंक बनवा रखे हैं। टैंकर मंगवा कर उसे भरते हैं। नल आता है तो पानी भरने के लिये हाय तौबा मची रहती है। यहां पानी की बहुत तकलीफ़ है। हमने भी पानी का किफ़ायती इस्तेमाल किया। गाड़ी को सर्विसिंग के लिए भेज कर हमने स्नान किया और फ़िर भोजन करके आगे जाने के लिए तैयार हो गए। वे भी बहुत खुश हुए कि हम आ गए। वहीं आगे के सफ़र के विषय में चर्चा की तो चिखली वालों ने कहा कि औरंगाबाद से आगे शनि सिंघनापुर का मंदिर है। वहां आप दर्शन करके आगे जाएं। लगभग 2 बजे हम औरंगाबाद के लिए चल पड़े थे। चिखली हमारे यात्रा का बहुत तकलीफ़ देह पड़ाव बनने वाला था यह हमने नहीं सोचा था। जारी है--आगे पढें
Indli - Hindi News, Blogs, Links